Wednesday, October 21, 2026

स्वर्ग

 डिस्क्लेमर: 


अब मैं नई कविताएँ नहीं लिखता हूँ. कविताएँ मेरे घर का रास्ता भूल गयी हैं. कभी-कभी सोमेश शुक्ल की कविता मुझे उकसा देती है और मैं प्रतिक्रिया में कुछ आशुकविताएँ टाइप चीजें उन्हें लिखकर भेजता हूँ. मसलन पिछले दिनों सोमेश ने स्वर्ग पर एक शानदार उद्धरण कहा तो उस पर मेरे प्रतिक्रियावादी मन ने कुछ कूक्ति टाइप की बातें की. हालांकि ऐसा करना मुझे गहरी शर्मिंदगी से भी भरता हैं वास्तव में ऐसा करना अश्लील है.  मगर बाद में मुझे यह ठीक वैसे लगने लगता है जैसे गाँव का एक ‘चुका हुआ’ निशानेबाज अपेक्षाकृत युवा बच्चों की टोली को अपनी निशानेबाजी के अतियुक्तिपूर्ण किस्से सुनाता रहता है. बच्चे उसे सुनते हैं इस कारण उसके बताने का उत्साह बचा रहता है. मैं आपको पढ़वा रहा हूँ ताकि मेरे पास पढ़वाने का उत्साह बचा रहे. 


---

स्वर्ग की सबसे खराब बात यही है

कि यह नरक के विकल्प में मिलता है

कितना सुंदर होता है

स्वर्ग यदि केवल स्वर्ग होता

किसी का विकल्प न होता

**

स्वर्ग से पृथ्वी 

स्वर्ग से बेहतर दिखती थी

मगर पृथ्वी से स्वर्ग 

कैसा भी नहीं दिखता था

**

स्वर्ग और नरक के बीच

एक जगह आती थी

जहाँ रुकना सब चाहते हैं

मगर रुक कोई न पाता

**

स्वर्ग की कृत्रिमता 

उसके प्रति अनासक्ति भरती थी

मगर

मैं नरक जाने को भी उत्सुक न था

**

स्वर्ग के दरवाजे दो तरफ खुलते थे

इसलिए जाने वाले आते हुए दिखाई देते थे 

कई बार

**

मैं नरक को देखकर 

स्वर्ग जाना कभी न चुनूंगा

इतना मोह मेरे अंदर

मृत्य के उपरांत भी बचेगा

**

स्वर्ग में कोई किसी की प्रतीक्षा न करता

यह बात स्वर्ग को मनुष्य के लिए रहने लायक बनाती है

**

जो स्वर्ग में रहते हैं

वे नीचे देखते हुए कहते हैं

एक स्वर्ग वहां भी है


© डॉ. अजित

दोष

 पुरोवाक:

कभी-कभी जीवन में यकायक सब कुछ समाप्त हो जाता है। यह दुकान बढ़ाने (असमय बंद करने) जैसा काम है, जिसमे दुकानदार मारे आलस के दोपहर के बाद शाम होने  का इंतज़ार न करने का फैसला करते हुए दिन ढ़लने से पहले शटर डाउन कर निकल कहीं दूर अकेला निकल जाता है।

कविता में यह सबसे खराब बिम्ब प्रयोग है मगर जीवन इन्हीं खराबों के भरोसे चलता है!

--

एक अधूरी आशा 

बार-बार देती थी दुःख

उन्हीं से मन रखता था उम्मीद

जो शायरी की तरह नहीं जानते थे कि

'उम्मीद-ए-वफ़ा' क्या है! 


**

सबसे मुश्किल था

उस बात के लिए 

खुद को समझाना

जिसे दुनिया को समझाते हुए

उम्र कटी थी।


**

क्षणिक आवेग की हिंसाएं

अपेक्षाकृत कम क्रूर थी

सबसे अधिक क्रूर था

खुद को सदैव प्रस्तुत रखना

उनके मुताबिक़।


**

प्रेम में कृतज्ञता

बहुत धूमिल चीज बन जाती 

अधिकार और निर्णय के समक्ष

यह दिखती बेहद दयनीय

छूटा साथ कृतघ्न नहीं था

मगर कृतज्ञ भी एकदम न था।

**

एक सामान्य खेद

मरहम हो सकता था

एक छोटी कोशिश 

दवा की शीशी जैसी ठंडक दे सकती थी

मगर 

अंततः उखड़ी हुई त्वचा 

कष्ट देकर ही अलग होती थी।


**

दो असंगत ध्रुवों के मध्य

लटके रहना बेताल सा

किंकर्तव्यविमूढ़

और कहना खुद से बार-बार

माफ़ी चाहता हूँ दोस्त

जैसे चाहने से मिल ही जाती हो

माफी।

**

रोकर पूछा जाता

हंसकर सलाह दी जाती

गंभीर होकर कहा जाता

आप भी किस चक्कर में फंस गए

जी साब, उसी चक्कर में

जिसकी आकृति गोल नहीं है।

**

जिसके लिए

बदलाव सामान्य था

उसके लिए असामान्य होना

व्याधि नहीं अनुराग कहा विद्वानों ने

अनुराग दोष की औषधि

एक समय बाद अनुराग भी न थी।



©डॉ. अजित